देश की राजधानी दिल्ली के बुराड़ी में एक ही परिवार के 11 सदस्यों की रहस्यमय मौत को अभी एक महीने भी नहीं हुए कि इसी तरह की एक दिल दहला देने वाली घटना झारखंड के रांची में सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक रांची के कांके थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के सात लोगों की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मरने वालों में 5 वयस्क और दो बच्चे शामिल हैं। हालांकि अभी यह सामने नहीं आया है कि आत्महत्या की वजह क्या थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक प्रमुख निजी कंपनी काम करने वाले दीपक कुमार झा ने माता-पिता, भाई, पत्नी और दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली। दीपक का परिवार किराए के घर में रहता था। पुलिस ने दोनों भाइयों का शव पंखे से लटकता पाया। मकान मालिक ए. मिश्रा के मुताबिक, दीपक झा (40) अपना खुद का व्यवसाय करना चाहते थे, लेकिन कर्ज में डूबे हुए थे। उनके छोटे भाई (30) रुपेश झा बेरोजगार थे।
पांच अन्य सदस्य बिस्तर पर मृत पाए गए। मृत बच्चों में एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। यह घटना बोरिया इलाके में हुई। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। संदिग्ध आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनीष गुप्ता ने पत्रकारों को बताया, शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। जांच पूरी होने दीजिए।
इस घटना के बारे में तब पता चला जब दीपक झा की बेटी को स्कूल ले जाने वाली बस का चालक सोमवार सुबह लगातार हॉर्न बजाता रहा। एक छात्रा ने घर का दरवाजा खटखटाया और शवों को देखा। पिछले 10 दिनों में झारखंड में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले हजारीबाग में कर्ज में डूबे एक परिवार के छह सदस्य मृत पाए गए थे। पुलिस इस बात को लेकर स्पष्ट नहीं है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला है या सामूहिक हत्या का।
वहीं दिल्ली के बुराड़ी में इसी साल एक जुलाई को एक ही परिवार के 11 सदस्यों के शव मिलने से हड़कंप मच गया था। एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत की घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। फिलहाल घटना के एक महीने बाद भी मामला सुलझता नजर नहीं आ रहा है। पुलिस इस मामले की जांच आत्महत्या और हत्या दोनों ही एंगल से कर रही है। इन मौतों को तंत्र-मंत्र से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
झारखंड: अब रांची में सामने आया बुराड़ी जैसा मामला, एक ही परिवार के 7 लोगों ने की खुदकुशी
from Janta Ka Reporter 2.0 https://ift.tt/2uZz4Xm
via © inkPointMedia



Post A Comment: